11 सितंबर 2020 - 18:55
दो हफ़्ते के भीतर स्वीडन में फिर पवित्र क़ुरआन को जलाने की घटना, पुलिस मुजरिम की तलाश में,

स्वीडन में डेनमार्क की हार्ड लाइन पार्टी ने फ़्रीडम ऑफ़ स्पीच के नाम पर दो हफ़्ते के भीतर दूसरी बार पवित्र क़ुरआन का अनादर करते हुए, इसकी एक प्रति को आग लगायी।

इस पार्टी द्वारा क़रीब दो हफ़्ते पहले इसी तरह के घिनौने कृत्य के कारण स्वीडन में दंगे फूट पड़े थे।

रिपोर्ट के मुताबिक़, डेनमार्क की हार्ड लाइन पार्टी के प्रतिनिधि ने स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के रिनकेबी इलाक़े में यह घटिया हरकत की।

हार्ड लाइन और इसके नेता रैस्मस पैलोडन ने स्वीडन के उस इलाक़े में 5 प्रदर्शन करने की बात कही थी जहाँ मुसलमान ज़्यादा तादाद में रहते हैं। पेलोडन ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर धमकी दी थी कि वह शनिवार को इजाज़त मिले या न मिले हर हाल में अपने हाथ में सूअर के गोश्त के साथ पवित्र क़ुरआन की प्रति जलाएंगे। लेकिन हार्ड लाइन पार्टी ने शनिवार का इंतेज़ार किए बिना, गुरूवार की सुबह को पवित्र क़ुरआम की प्रति को आग लगायी और अपने फ़ेसबुक पेज पर इस्लाम को बुरा भला कहा।

स्वीडिश अख़बार एफ़्टनब्लाडेट के मुताबिक़, हार्ड लाइन के इस कृत्य पर ज़्यादा लोगों ने ध्यान नहीं दिया।

स्वीडन की पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले की विशेष जाति को भड़काने के रूप में जाँच कर रही है। एफ़्टनब्लाडेट के मुताबिक़, पुलिस, डेनमार्क की नंबर प्लेट वाली एक स्कोडा कार की तलाश कर रही थी। इस मामले में रिपोर्ट मिलने तक कोई गिरफ़्तारी नहीं हुयी थी।